दिल्ली में रिकार्डतोड़ बारिश, 13 साल बाद अगस्त में एक दिन में बरसा इतना पानी, जानें आज कैसा रहेगा मौसम

राजधानी दिल्ली में तेरह सालों बाद अगस्त महीने के चौबीस घंटों के भीतर इतना पानी बरसा है। दिल्ली के सफदरजंग मौसम केंद्र में 138.8 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड की गई। इससे पूर्व वर्ष 2007 में 166.6 मिलीमीटर बरसात रिकार्ड की गई थी। बारिश से हुए जलभराव से अधिकांश इलाकों में जाम लग गया।

शाहदरा और बाहरी दिल्ली में घरों के अंदर भी पानी पहुंच गया। जलभराव के चलते सीलमपुर के नाले में किशोर गिर गया। 17 वर्षीय नवीन की मौत अस्पताल पहुंचने से पहले हो गई। उधर आनंद विहार में करंट लगने से बुजुर्ग गार्ड सुरेश गुप्ता की मौत हो गई। दोनों मामलों में पुलिस जांच कर रही है।

राजधानी दिल्ली में इस बार का मानसून सीजन काफी उलट-पलट भरा साबित हो रहा है। जुलाई में अच्छी बरसात के बाद अगस्त का महीना लगभग सूखा चल रहा था। लेकिन, शनिवार की बारिश ने बारिश के आंकड़ों की पुरानी कमी को दूर कर दिया। दिल्ली के ज्यादातर हिस्सों में रात दो बजे के बाद से ही तेज बारिश होने लगी।

सुबह के साढ़े आठ बजे तक बादल जमकर बरसें। हालांकि, दिन के समय बारिश की झड़ी थोड़ा कमजोर हो गई। दिल्ली के रिज और लोधी रोड मौसम केंद्र ने सबसे ज्यादा बारिश रिकार्ड की है। रिज केंद्र में 149.2 और लोधी रोड केंद्र में 149.0 मिलीमीटर बरसात रिकार्ड की गई है।

रविवार के लिए येलो अलर्ट

मौसम विभाग का अनुमान है कि रविवार के दिन भी दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में हल्की बरसात होने की संभावना है। इसके लिए विभाग की ओर से येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। दिन भर बादल छाए रहने से भी लोगों को गर्मी और उमस से काफी हद तक राहत मिलती रहेगी।

सुहाना हुआ दिल्ली का मौसम

बारिश नहीं होने के चलते दिल्ली के लोग भारी उमस और गर्मी का सामना कर रहे थे। बरसात ने लोगों को इससे खासी राहत दी है। दिल्ली के सफदरजंग मौसम केन्द्र में दिन का अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो कि सामान्य से एक डिग्री कम है। जबकि, न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस रहा जो कि सामान्य से तीन डिग्री कम है। यहां पर नमी का स्तर 100 से 87 फीसदी तक रहा। मौसम विभाग का अनुमान है कि रविवार को हल्की बारिश के बाद सोमवार को भी छिटपुट बारिश होने की संभावना है। लेकिन, सोमवार से तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने लगेगी।

 

दिल्ली की हवा साफ-सुथरी

बारिश के चलते दिल्ली की वायु गुणवत्ता में भी खासा सुधार हुआ है। केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक शनिवार के दिन दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक  69 के अंक पर रहा। इस स्तर की हवा को संतोषजनक श्रेणी में रखा जाता है। एक दिन पहले यानी शुक्रवार के दिन सूचकांक 111 के अंक पर रहा था। यानी चौबीस घंटों के भीतर ही इसमें 42 अंकों का सुधार हुआ है। सफर का अनुमान है कि बारिश व तेज हवाओं के चलते अगले दो दिनों के बीच वायु गुणवत्ता का स्तर इसके आसपास बना रहेगा।

अगस्त में इस दिन बरसा सबसे ज्यादा पानी

वर्ष  तारीख         कितना पानी बरसा
2020 13 अगस्त   68.2
2019  18 अगस्त  45.7
2018  28 अगस्त  49.6
2017  24 अगस्त  37.6
2016  13 अगस्त  29.8
2015  24 अगस्त  56.0
2014-11 अगस्त  82.1
2013  21 अगस्त  95.2
2012  29 अगस्त  59.5
2011  12 अगस्त  69.7
2010  20 अगस्त  110.0
2009  22 अगस्त  74.4
(नोटः आंकड़े मिलीमीटर में, स्रोत, भारतीय मौसम विभाग)

 

अगस्त महीने में एक दिन में बारिश का रिकार्ड

वर्ष  तारीख            कितनी बारिश
1961  02 अगस्त  184.0
2007  02 अगस्त  166.6
2001  14 अगस्त  159.8
1988  20 अगस्त  159.0
1976  18 अगस्त  150.8
1995  21 अगस्त  143.8
1967  06 अगस्त  142.2
1984  23 अगस्त  139.8
2021  21 अगस्त  138.8

इन पांच जगहों पर हुई सबसे ज्यादा बारिश

सफदरजंग  – 138.8
पालम – 84.0
लोधी रोड  149.0
रिज  – 149.2
आयानगर  – 68.2
(नोटः 20 अगस्त सुबह 8.30 से 21 अगस्त सुबह 8.30 तक हुई बारिश)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *