भारी बारिश और जलभराव से थम गया गाजियाबाद, सभी सड़कों पर लगा लंबा जाम, खुद सड़क पर उतरे एसपी

मूसलाधार बारिश और जगह-जगह हुए जलभराव की वजह से शनिवार को पूरा गाजियाबाद थम गया। खासतौर पर गाजियाबाद शहर और ट्रांस हिंडन की कोई ऐसी सड़क नहीं बची, जिसपर दो किमी से भी अधिक लंबा जाम ना हो। मुख्य रास्तों से बढ़ते-बढ़ते यह जाम शहर की अंदरुनी गलियों तक पहुंच गया।

सुबह दस बजे तक हालात इतने खराब हो गए कि खुद पुलिस अधीक्षक यातायात को जूते उतार कर पैदल निकलना पड़ा। वहीं जाम में फंसे तमाम नौकरी पेशा लोगों की ड्यूटी छूट गई। गाजियाबाद शहर में हापुड़ रोड पर धीमी गति से वाहन चल रहे थे। लेकिन जीटी रोड पर घंटा घर के सामने से शुरू होकर अफ्सरा बार्डर तक वाहनों के पहिए थम गए थे।

उधर, मेरठ रोड पर मेरठ तिराहे से दुहाई तक सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार थी। इसी प्रकार मेरठ एक्सप्रेस वे पर लालकुआं से इंदिरापुरम के सामने तक सड़क के दोनों ओर केवल वाहन ही वाहन नजर आ रहे थे। यह स्थिति शनिवार की देर शाम तक बनी रही।

ट्रांस हिंडन में दिल्ली-वजीराबाद रोड़, लिंक रोड़ व खोड़ा हिंडन मार्ग पर कई जगहों पर वाहनों का भारी दबाव रहा। दिल्ली-वजीराबाद रोड़ के हिंडन एयरबेस गोल चक्कर, लोनी कट, सिकंदरपुर पुलिस चौकी व भोपुरा बार्डर के पास जलभराव के कारण डूबे गड्डे, बेतरतीब ढंग से वाहनों की आवाजाही के चलते समस्या को और बढ़ा दिया। पीक ऑवर में मची अफरातफरी
सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव वैसे तो सुबह से ही था। लेकिन करीब नौ बजे पीक ऑवर शुरू होते ही सभी सड़कों पर अफरा-तफरी मच गई। समय से आफिस पहुंचने के चक्कर में लोग मुख्य सड़कों को छोड़ कर गलियों में घुसने लगे। इसके चलते देखते ही देखते वहां भी जाम लग गया। लिंक रोड़ व खोड़ा हिंडन मार्ग पर बारिश के कारण वाहनों की रफ्तार धीमी रही। इसके चलते कई बार जाम की स्थिति बनी।

वाहन खराब होने से दिक्कत
पुलिस अधीक्षक (यातायात) रामानंद कुशवाहा ने बताया कि मूसलाधार बारिश और पानी की निकासी नहीं होने की वजह से सड़कों पर दो से ढाई फुट तक पानी भर गया था। इसके चलते सैकड़ों वाहन साइलेंसर में पानी भरने की वजह से बंद हो गए। इन वाहनों को बड़ी मुश्किल से पानी से निकाला गया। वहीं तमाम लोग जो घर से आफिस के लिए तैयार होकर निकले थे, उनके कपड़े खराब हो गए। इसके चलते उन्हें बीच रास्ते से ही वापस लौटना पड़ा है।

आंतरिक रास्तों पर वाहनों में घुसा पानी
टीएचए के कई आंतरिक रास्तों में सड़क पर आवाजाही करते समय लोगों के वाहनों में पानी भर गया। जिसके कारण सड़क पर वाहनों की कतार लग गई। कौशांबी थाने के सामने से जाने वाली सड़क, सौर्य उर्जा मार्ग, वसुंधरा लाल बत्ती के पास स्थित सर्विस मार्ग व खोड़ा के कई रास्तों पर बीच सड़क लोगों के वाहन बंद हो गए। इस दौरान कई दो पहिया वाहन सवार पानी में गिर गए।

वहीं चार छोटी कारों समेत अन्य वाहनों के पानी में बंद होने के बाद लोग धक्का लगाते नजर आए है। गौर ग्रीन चौराहे, सीआईएसएफ मार्ग, काला पत्थर रोड़, सहित वसुंधरा व वैशाली की आंतरिक सड़को पर भी वाहनों के दबाव से जाम की समस्या दिनभर बरकरार रही है।

हालात नहीं सुधरे तो खुद सड़क पर उतरे एसपी
सुबह से ही पूरे शहर में जाम को देखते हुए पहले तो एसपी ट्रैफिक रामानंद कुशवाहा ने कंट्रोल रूम में बैठकर स्थिति संभालने की कोशिश की, लेकिन पीक ऑवर में जब स्थिति और खराब हो गई तो वह खुद जूते उतार कर सड़क पर निकल पड़े। कई चौराहों और जाम वाले स्थानों पर उन्होंने खुद घुटने भर पानी में खड़ा होकर ट्रैफिक चलाने का प्रयास किया।

हमदर्द बनी ट्रैफिक पुलिस
जलभराव के बीच गाड़ी खराब होने से परेशान तमाम लागों के लिए ट्रैफिक पुलिस शनिवार को हमदर्द बनकर उभरी। जहां लोग भीगने से बचने के लिए गाड़ी से नहीं निकल रहे थे, वहीं ट्रैफिक पुलिस ने उनके वाहनों को धक्का देकर पानी से बाहर निकाला। कई जगह तो ट्रैफिक पुलिस के जवानों ने गाड़ी के स्टार्ट होने में दिक्कत आने पर मदद भी की।

दिल्ली मेरठ मार्ग पर तीन किलोमीटर लंबा जाम
बारिश और जलभराव की वजह से दिल्ली मेरठ मार्ग पर करीब तीन किमी लंबा जाम लगा। सुबह से लगे जाम में देर शाम तक वाहन चालक जूझते रहे। इसके चलते दिल्ली व मेरठ जाने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। दो दिन से लगातार हो रही बारिश के कारण दिल्ली मेरठ मार्ग पर सीकरी पेट्रेाल पंप से लेकर राज चौपले तक सड़क के दोनों और जलभराव हो गया।

सड़क पर दो से तीन फीट तक पानी भर गया। सड़क पर पानी भरने के कारण दिल्ली मेरठ मार्ग पर जाम लग गया। जाम के कारण दिल्ली मेरठ मार्ग पर तीन किलोमीटर लम्बा जाम लग रहा। सुबह से लगा जाम शाम तक लगा रहा। लोगों का कहना है कि जलनिकासी नहीं होने के कारण जलभराव हो गया।

पालिका के अधिशासी अधिकारी शिवराज सिंह ने बताया कि जल निकासी का प्रबंधन किया जा रहा है। उधर, मुरानगर में ट्रक पलटने से तीन घंटे तक सड़क पर जाम लगा। जानकारी के मुताबिक मिल्क दुहाई के सामने शनिवार सुबह खाली ड्रम से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया।

ट्रक पलटने के कारण दिल्ली मेरठ मार्ग पर तीन घंटे से अधिक समय तक जाम लगा रहा। पुलिस ने ट्रक को सड़क से हटाकर यातायात सुचारू कराया। यह ट्रक खाली ड्रम लेकर मुरादनगर से गाजियबाद की ओर जा रहा था। ट्रक सड़क पर कुछ इस तरह पलटा था कि दिल्ली मेरठ मार्ग पर वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *