हाउस टैक्स न देने वालों के सीवर और पानी कनेक्शन कटेंगे

हाउस टैक्स न देने वालों के सीवर और पानी कनेक्शन कटेंगे

नगर निगम 31 मार्च के बाद हाउस टैक्स जमा नहीं करने वालों पर शिकंजा कसेगा। करदाताओं के बिल में सबसे पहले 12 फीसदी ब्याज लगाया जाएगा। इसके बावजूद हाउस या संपत्ति टैक्स जमा नहीं करने पर सीवर और पानी के कनेक्शन काटे जाएंगे। अभी तक एक लाख ने कर जमा नहीं किया है। नगर निगम को उम्मीद है कि अगले दस दिन में 40 हजार लोग टैक्स जमा कर देंगे। ऐसे में माना जा रहा है कि 60 हजार लोग टैक्स जमा नहीं करेंगे। गाजियाबाद शहर में 3.60 लाख से ज्यादा करदाता हैं। नगर निगम हर साल लगभग 135 करोड़ रुपये टैक्स की वसूली करता है। प्रत्येक वित्त वर्ष में टैक्स जमा करने वालों के लिए अप्रैल से 31 मार्च तक 20 से पांच फीसदी तक छूट का लाभ दिया जाता है।

निगम को इस साल 150 करोड़ की वसूली करनी है। इसके लिए मोहननगर, कविनगर, सिटी जोन, वसुंधरा और विजयनगर जोन में अभियान चलाया जा रहा है। पांचों जोन में अभी 142 करोड़ से ज्यादा टैक्स की वसूली हो गई है। 70 फीसदी लोग हाउस टैक्स जमा कर चुके हैं। मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ. संजीव सिन्हा ने बताया कि 31 मार्च के बाद 12 फीसदी ब्याज के साथ बिल वसूला जाएगा। इसके बाद जो लोग टैक्स जमा नहीं करेंगे उनके पानी और सीवर के कनेक्शन काटे जाएंगे। एक अप्रैल से जोन के हिसाब से बकाया करदाताओं की सूची तैयार होगी। इसके बाद कार्रवाई की जाएगी। हाउस टैक्स जमा नहीं करने वालों के मकान और प्रतिष्ठान पर कुर्की या सीलिंग के नोटिस चस्पा किए जा रहे हैं। नोटिस चस्पा होने पर कुछ लोग तुरंत टैक्स जमा कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *