कक्षा 6 से 8वीं के छात्रों को भी मिलेगी वोकेशनल एजुकेशन, यहां पढ़ें डिटेल्स

समग्र शिक्षा के तहत दिल्ली के 21 स्कूलों में कक्षा छह से लेकर आठवीं तक के छात्रों को भी व्यावसायिक शिक्षा दी जाएगी। शिक्षा विभाग के तहत आने वाले समग्र शिक्षा दिल्ली की व्यावसायिक शिक्षा शाखा की ओर से परिपत्र जारी किया गया है, जिसके तहत स्कूलों में छात्रों के लिए दस दिन बिना बैग वाले पीरियड होंगे।

छात्रों के लिए कई तरह की गतिविधियां आयोजित होंगी, जिसे लेकर परिपत्र भी जारी किया गया है। इस संबंध में स्कूलों को 15 हजार रुपये का बजट भी आवंटित किया है। स्कूल प्रमुख शिक्षकों से व्यावसायिक शिक्षा की गुणवत्ता को आश्वत करेंगे। छठीं से लेकर आठवीं कक्षा में व्यावसायिक गतिविधियों को दिशा-निर्देशों के अनुसार लागू किया जाएगा। साथ ही शिक्षकों को बिना बैग वाले कार्यक्रम को लेकर पुस्तिका उपलब्ध कराई जाएगी।

यमुना विहार स्थित राजकीय प्रतिभा विकास विद्यालय, मंडोली में सर्वोदय कन्या विद्यालय, पालम गांव में सर्वोदय कन्या विद्यालय, मोरी गेट में सर्वोदय बाल विद्यालय नंबर-1, जंगपुरा राजकीय उच्चतर माध्यमिक बाल विद्यालय, आईएनए कॉलोनी में राजकीय प्रतिभा विकास विद्यालय सहित कई स्कूलों को व्यावसायिक शिक्षा की सूची में शामिल किया गया है।

नौवीं और 12 वीं के छात्रों के लिए पहले से अवसर

ज्ञात हो कि वर्तमान में दिल्ली में नौवीं से लेकर 12 वीं कक्षा के छात्रों को व्यावसायिक शिक्षा दी जाती है। छात्रों की रुचि के हिसाब से छात्र विषय का चुनाव कर सकते हैं। इसमें संगीत, पर्यटन, हॉस्पिटेलिटी, चित्रकला सहित कई दूसरे विषय शामिल हैं। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों के कौशल को मजबूत बनाना है।

ये गतिविधियां आयोजित होंगी

परिपत्र के अनुसार, छात्रों के लिए आठ दिन की अलग-अलग गतिविधियां निर्धारित की गई हैं। इसमें कृषि, स्वास्थ्य सेवा, पर्यटन, खुदरा सहित कई दूसरे कार्य हैं। एक दिन प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। जबकि, एक बार मौके पर ले जाकर गतिविधियों से रूबरू कराया जाएगा या दो घंटे का गतिविधियों का प्रदर्शन किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *