दिल्ली हिंसा मामले में पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी, 2 और आरोपी गिरफ्तार

उत्तर-पूर्वी दिल्ली में पिछले महीने भड़की साम्प्रदायिक हिंसा में शामिल होने के आरोप में शुक्रवार को दो और लोगों को गिरफ्तार किया गया है। हिंसा में 50 से अधिक लोग मारे गए थे। पुलिस ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि आरोपियों की पहचान तनवीर और गुलफाम के रूप में हुई है। दंगों में शामिल होने के आरोप में गुरुवार को पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया के दो सदस्यों परवेज और इलियास को गिरफ्तार किया गया था। उन्हें दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने गिरफ्तार किया था।

बता दें कि दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) के अधिकारी अंकित शर्मा की हत्या के मामले में गुरुवार को एक आरोपी को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान सलमान उर्फ नन्हे के रूप में हुई थी। अंकित शर्मा के लापता होने के एक दिन बाद 27 फरवरी को उनका शव उत्तर-पूर्वी दिल्ली के चांदबाग में उनके घर के नजदीक एक नाले से मिला था। इससे पहले पुलिस ने इस मामले में आम आदमी पार्टी के निलंबित निगम पार्षद ताहिर हुसैन को गिरफ्तार किया था।

जानकारी के मुताबिक, उत्तर-पूर्वी दिल्ली में हुई हिंसा के मामले की क्राइम ब्रांच ने बुधवार को इरशाद, आबिद और शाहदाब को गिरफ्तार किया था। ये सभी मुस्तफाबाद के रहने वाले हैं। गिरफ्तार किए गए ये तीनों लोग 24 फरवरी को IB ऑफिसर अंकित शर्मा हत्याकांड के दौरान ‘आप’ के निलंबित पार्षद ताहिर हुसैन के साथ थे और उनके बहुत करीबी बताए जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *