बंदूक सटाकर बोले बदमाश- जेल से छूटकर आएं हैं, जितना माल हो निकाल दो, नहीं तो जान से मार देंगे


कानपुर के कैलाश विहार कालोनी में बदमाशों ने रिटायर बैंक कर्मी के घर धावा बोल दिया। बुजुर्ग दंपति पर चाकू से हमला कर बंधक बना लिया। इसके बाद बदमाश नगद, लैपटॉप, जेवर लूट फरार हो गए। सूचना पर डीसीपी पश्चिम, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड ने जांच की। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया है।

जेल से छूटकर आए हैं, जान से मार देंगे
बदमाशों के जाने के बाद डरे-सहमे बुजुर्ग दंपति ने बताया कि चाकू घूंपने के बाद तीनों पीटने लगे। एक बदमाश कह रहा था कि जेल से छूटकर आएं हैं, जितना माल हो निकाल दो, नहीं तो जान से मार देंगे। वह लगातार पीट रहे थे। पैसा, जेवर और लैपटॉप लूटने के बाद भाग निकले। वहीं, लुटेरों ने सीमा का मोबाइल छीन उससे सिम निकाल लिया। इसके बाद घटनास्थल मोबाइल फेंक लुटेरे सिम साथ ले गए।

बुधवार दो लड़के किराए पर लेने आए थे कमरा
पूछताछ में बुजुर्ग दंपति ने बताया कि घटना के एक दिन पहले बुधवार को दो लड़के किराए पर कमरा लेने आए थे। सीमा ने उनसे पिता को साथ लेकर आने की बात कहकर लौटा दिया था। सीसीटीवी फुटेज में भी पुलिस को दो संदिग्ध युवक दिखे हैं। पुलिस उन्हीं दो युवकों पर भी शक जता रही है।

…तो कमिश्नर ने भेजी फोर्स 
इलाके में रहने वाले भाजपा नेता निर्मल तिवारी ने बताया कि लूट की जानकारी होने पर पड़ोसियों ने कल्याणपुर इंस्पेक्टर को फोन मिलाया। दो बार फोन नहीं उठने पर लोगों ने कमिश्नर को फोन किया। मामले की जानकारी पर कमिश्नर ने तत्काल मौके पर कल्याणपुर पुलिस फोर्स भेजी। बदमाशों की मारपीट से बुजुर्ग दंपति बुरी तरह घायल हो गए थे। कंट्रोल रूम की सूचना पर पहुंची पुलिस लहूलुहान हालत में लगभग 2 घंटे तक बुजुर्ग दंपति के बयान लेती रही। इसके बाद इलाके की महिलाएं पुलिस पर भड़क गईं। महिलाओं के दबाव बनाने पर पुलिस ने दोनों को प्राथमिक उपचार के लिए कल्याणपुर सीएचसी भेजा।

पहले से की थी रेकी
बदमाशों ने रिटायर बैंककर्मी के घर की पूरी रेकी की थी। बदमाशों को पता था कि 8 बजे दूधिया दूध देने आता है। इसके बाद बुजुर्ग मेन गेट को अंदर से लॉक नहीं करते हैं। दूधिया के जाने के बाद ही बदमाश मेन गेट खोल घर में घुसे। कैलाश विहार पॉश इलाका है, जहां चारों तरफ एंट्री प्वाइंट पर गेट लगे हैं। लोगों ने सुरक्षा के लिए अपने घरों पर सीसीटीवी कैमरे लगवा रखे हैं। पुलिस ने इन्हीं कैमरों से दो संदिग्धों की पहचान भी की है। इलाके में पहले भी कमलाकांत के घर मारपीट कर बदमाशों ने लूटपाट की थी। इसके बाद बैंक मैनेजर के घर लाखों की चोरी और कमला नाम की महिला के घर भी चोरी हुई थी। रिटायर बैंक कर्मी राज नारायण के घर भी बदमाशों ने खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *