यूक्रेन के बूचा नरसंहार से जुड़े भड़काऊ ट्वीट पर फ्रांस में रूसी राजदूत तलब

यूक्रेन के बूचा नरसंहार से जुड़े भड़काऊ ट्वीट पर फ्रांस में रूसी राजदूत तलब

पेरिस। यूक्रेन के बूचा में हुए नरसंहार पर रूसी सेनाएं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आलोचना का शिकार बन रही हैं। ऐसे में बूचा नरसंहार पर फ्रांस में रूस के राजदूत का एक ट्वीट भड़काऊ करार दिया गया है। फ्रांस के विदेश मंत्रालय ने रूस के राजदूत एलेक्सी मेशकोव को तलब कर इसे अस्वीकार्य करार दिया है।

यूक्रेन के बूचा में हुए नरसंहार की तस्वीरें सामने आने के बाद से दुनिया भर में रूस को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। रूसी सेनाओं की बर्बरता अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बनी है। रूस की ओर से इस बर्बरता से लगातार इनकार किया जा रहा है। इसके बावजूद फ्रांस में रूस के राजदूत एलेक्सी मेशकोव ने एक ट्वीट कर भावनाओं को भड़का दिया है। इस ट्वीट में बूचा की सड़क पर पड़े शवों को मेशकोव ने फिल्म का सेट करार दिया था। फ्रांस की सरकार ने इस ट्वीट को भड़काऊ करार दिया है।

फ्रांस के विदेश मंत्री जीन यीस ली ड्रायन ने बताया कि इस मसले पर रूस के राजदूत एलेक्सी मेशकोव को तलब कर आपत्ति जाहिर की गयी। उनसे साफ कहा गया कि बूचा में हुआ नरसंहार सभ्य समाज में स्वीकार नहीं किया जा सकते। ऐसे में उनकी भड़काऊ ट्वीट भी अस्वीकार्य है। मेशकोव पहले भी अपने विवादित ट्वीट्स के कारण चर्चा में रहे हैं।

पिछले महीने फ्रांसीसी विदेश मंत्रालय ने उनके एक ट्वीट को खारिज कर उन्हें तलब किया था। उस समय पेरिस में रूसी दूतावास ने अपने ट्विटर एकाउंट से एक तस्वीर पोस्ट की थी, जिसमें यूरोप नामक टेबल पर एक शव पड़ा हुआ था। शव में अमेरिका और यूरोपीय संघ का प्रतिनिधित्व करने वाले पात्र सुइयां लगा रहे थे। फ्रांस के यूरोपीय मामलों के मंत्री क्लेमेंट ब्यून ने तस्वीर की आलोचना करते हुए इसे अपमानजनक करार दिया था।

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *