घर के अंदर पत्नी ने उठाया खौफनाक कदम, फसल की सिंचाई करने गया था पति
कैमूर जिले के नुआंव थाना क्षेत्र के खुदरा गांव की 25 वर्षीया विवाहिता ने बुधवार को खुदकुशी कर ली। मृतका किरण कुमारी खुदरा गांव के अरविंद कुमार की पत्नी थी। किरण ने इस घटना को तब अंजाम दिया, जब उसका पति फसल की सिंचाई करने के लिए बुधवार की शाम चार बजे घर से निकला। उसके जाते ही किरण ने अपने कमरे के दरवाजे की कुंडी अंदर से बंद कर ली और गले में कपड़े का फंदा बांध पंखे से लटक गई, जिससे उसकी मौत हो गई।
मृतका के पति अरविंद ने बताया कि जब उसकी पत्नी कमरे का दरवाजा बंद किया तो परिजनों ने समझा कि सोने गई होगी। लेकिन, जब वह खेत की ओर से घर लौटा और दरवाजा खोलने के लिए कहा तो अंदर आवाज नहीं आई। कोई हलचल भी सुनाई नहीं दी। उसे आशंका हुई तो ग्रामीणों को बुलाया और उनकी मदद से दरवाजे को तोड़ा। जब अंदर गया तो किरण पंखे से लटकती दिखी। उसकी मौत हो चुकी थी। इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
अरविंद से पूछने पर कि उसे क्या आशंका हुई तो उसने कहा कि दो दिनों पहले पति-पत्नी के बीच मामूली बात पर बहस हुई थी। घटना के दिन उसने खाना भी नहीं पकाया था। उसकी शादी वर्ष 2015 में हुई थी। ऑपरेशन से उसने बच्चा जना था। लेकिन, वह मृत निकला। उसे कोई संतान नहीं है। इससे भी उसकी पत्नी चिंतित रहती थी। घर में सभी लोग हंसी-खुशी से रहते थे। किसी चीज की कमी नहीं थी। फिर भी उसने ऐसा क्यों किया यह समझ से परे है।
नुआंव थानाध्यक्ष सुमीत कुमार ने बताया कि इस कांड में किसी ने आवेदन नहीं दिया है। मायके वालों के आने का इंतजार किया गया। लेकिन, ज्यादा देर तक शव को रोककर रखना ठीक नहीं था। शव से बदबू आने की आशंका थी। यूडी केस दर्ज कर सदर अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराकर ससुरालवालों को सौंप दिया गया। अगर मायके वाले कोई आवेदन देते हैं, तो आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
किरण द्वारा आत्महत्या किए जाने की घटना से न सिर्फ परिजन बल्कि ग्रामीण भी स्तब्ध हैं। सदर अस्पताल से शव लाए जाने के बाद अरविंद के दरवाजे पर ग्रामीणों की भीड़ लगी है। चिंतित अरविंद जहां शव को एकटक निहार रहा था, वहीं उसकी मां दहाड़ मारकर रोए जा रही थी। गांव की महिलाएं उसे ढांढस बंधा रही थीं। हालांकि ग्रामीणों को यह कहते सुना गया कि यह परिवार खुशहाल था। लेकिन, क्यों इस तरह की घटना कर बैठी पता नहीं। उसे ऐसा नहीं करना चाहिए था।
मृतका किरण कुमारी भभुआ थाना क्षेत्र के जिगनपुरा गांव की बेटी थी। अरविंद ने बताया कि उसके सास-ससुर बाहर में रहते हैं। इस घटना की सूचना उन्हें दे दी गई है। वह वहां से चल दिए हैं। रात में करीब 12 बजे यहां पहुंचेंगे। अभी शव का पोस्टमार्टम कराकर गांव पर लाया हूं। परिजनों से बातचीत करने के बाद शव का अंतिम संस्कार किया जाएगा। अभी ससुरालवालों के आने का इंतजार कर रहे हैं।