पहाड़ों पर बर्फबारी, राजस्थान, MP में बढ़ी ठंड, जानिए क्या है दिल्ली, यूपी का हाल

पहाड़ों पर हुई बर्फबारी ने कई राज्यों में ठंड बढ़ा दी है। हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में हुई बर्फबारी की तस्वीरें सामने आई हैं। नारकंदा और मंडोही गांव में हुई बर्फबारी की तस्वीरों में दिख रहा है कि बस और कार भी इस बर्फबारी से पूरी तरह ढक गए हैं। देश के अन्य कुछ राज्यों में कैसा है मौसम का हाल हम इस रिपोर्ट में आपको बताएंगे।

राजस्थान के अनेक इलाके शीतलहर की चपेट में

उत्तर से आने वाली सर्द हवाओं के कारण राजस्थान के अनेक इलाके शीतलहर की चपेट में हैं जहां रात का पारा एक डिग्री सेल्सियस तक नीचे चला गया है। बीती शुक्रवार रात राज्य के फतेहपुर व चुरू में तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में शीतलहर की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार न्यूनतम तापमान फतेहपुर (सीकर) में शून्य से नीचे (-) 3.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

वहीं पड़ोस के चुरू में यह (-) 1.1 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं नागौर में रात का न्यूनतम तापमान 0.3 डिग्री, संगरिया व सीकर में 0.7 डिग्री, भीलवाड़ा में 1.0 डिग्री, गंगानगर में 1.1 डिग्री, पिलानी में 1.9 डिग्री, चित्तौड़गढ़ में 2.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।  राज्य के अधिकांश जिलों में न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है।

जबकि अधिकतम तापमान 13.5 डिग्री से लेकर 24.2 डिग्री के बीच है। वहीं राजधानी जयपुर में शुक्रवार रात न्यूनतम तापमान 4.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने राज्य के अनेक इलाकों में आगामी दिनों में तीव्र शीत लहर चलने का ‘ओरेंज अलर्ट’ जारी किया। मौसम में आए बदलाव का असर सामान्य जनजीवन पर पड़ रहा है।पर्वतीय राज्यों में बर्फबारी से मध्य प्रदेश में तापमान में गिरावट

मौसम विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को कहा कि उत्तरी पर्वतीय राज्यों-उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में हुई बर्फबारी के कारण वहां से आ रही ठंडी हवाओं के चलते उत्तर भारत में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। शनिवार को तापमान में और गिरावट होने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के भोपाल कार्यालय के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी पीके साहा ने शुक्रवार को देश के अधिकतर हिस्सों में शनिवार से तापमान में गिरावट आएगी और अगले चार दिनों में न्यूनतम तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस से पांच डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी की वजह से मध्य प्रदेश में ठंडी हवाएं चल रही हैं। शीतलहर के कारण् आज सबसे कम न्यूनतम तापमान पूर्वी राजस्थान के फतेहपुर, सीकर में 1.6 डि.से. जबकि पश्चिमी राजस्थान के चुरू में 0.0 डि.से. दर्ज किया गया है। राज्य के उत्तरी, पूर्वी एवं पश्चिमी भागों में अगले दो दिन के दौरान कहीं-कहीं तीव्र शीतलहर एवं कुछ स्थानों पर शीतलहर चलने की प्रबल संभावना है।

साहा ने बताया कि मध्य प्रदेश के ग्वालियर एवं चंबल संभागों के जिलों सहित एवं भोपाल, उज्जैन, शाजापुर, राजगढ़, नीमच, मंदसौर, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी एवं बालाघाट जिलों में शनिवार सुबह हल्का या मध्यम कोहरा छाए रहने की संभावना है। उन्होंने कहा कि अगले कुछ दिनों में इन जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम होने और राज्य में न्यूनतम एवं अधिकतम तापमान में भी गिरावट आने की संभावना है।पंजाब के अमृतसर में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। शहर में कोहरे की चादर बिछ गई है। लोग यहां शरीर को गर्म रखने के लिए आग का सहारा ले रहे हैं। मौसम विभाग के मुताबिक यहां कोहरा और घना होगा। आज यहां तापमान 1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *