मिशन यूपी पर लखनऊ पहुंची प्रियंका का योगी पर वार, कहा-पीएम मोदी के सर्टिफिकेट से नहीं छिपेगी सच्‍चाई

यूपी में अगले साल होने वाले विधानसाभा चुनावों के मद्देनज़र कांग्रेस पार्टी के संगठन में जान फूंकने के इरादे से महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा तीन दिवसीय यूपी दौरे पर लखनऊ पहुंची हैं। यहां एयरपोर्ट पर कार्यकर्ताओं ने उनका जबरदस्‍त स्‍वागत किया। करीब डेढ़ साल बाद यूपी दौरे पर आईं प्रियंका ने अपने लखनऊ पहुंचने से पहले ही सीएम योगी पर एक ट्वीट के जरिए वार किया। गुरुवार को वाराणसी दौरे पर आए प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने योगी आदित्‍यनाथ की सरकार की तारीफ की थी।

इसी को लेकर प्रियंका ने लिखा कि मोदी जी के सर्टिफिकेट से यूपी में कोरोना की दूसरी लहर के दौरान योगी सरकार की अक्रामक क्रूरता, लापरवाही और अव्‍यवस्‍था की सच्‍चाई छिप नहीं सकती। उन्‍होंने लिखा कि लोगों ने अपार पीड़ा, बेबसी का सामना अकेले किया। इस सच्‍चाई को मोदी जी, योगी जी भूल सकते हैं, जिन्‍होंने कोरोना का दर्द सहा, वे नहीं भूलेंगे। मोदी जी के सर्टिफिकेट से यूपी में कोरोना की दूसरी लहर के दौरान योगी सरकार की आक्रामक क्रूरता, लापरवाही और अव्यवस्था की सच्चाई छिप नहीं सकती।

लोगों ने अपार पीड़ा, बेबसी का सामना अकेले किया। इस सच्चाई को मोदीजी, योगीजी भूल सकते हैं, जिन्होंने कोरोना का दर्द सहा, वे नहीं भूलेंगे उधर, प्रियंका गांधी के यूपी दौरे को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं का जोश नजर आ रहा है। उनके आने के पहले ही लखनऊ एयरपोर्ट पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ जुट गई थी। प्रियंका गांधी के पहुंचते ही कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्‍वागत किया। प्रदेश कांग्रेस के अध्‍यक्ष अजय कुमार लल्‍लू ने इस बीच मीडियाकर्मियों से बात करते हुए कहा कि यूपी में कांग्रेस और प्रियंका ही मुख्‍य विपक्ष है।

उन्‍होंने कहा कि यूपी की कानून व्‍यवस्‍था, किसानों के मुद्दों और अन्‍य बड़ी समस्‍याओं को कांग्रेस लगातार उठा रही है। फिर चाहे हाथरस की बेटी की इंसाफ की लड़ाई हो या उम्बा में किसानों पर हुए अत्याचार की घटना के खिलाफ संघर्ष। लगभग डेढ़ वर्ष बाद लखनऊ आईं प्रियंका गांधी शुक्रवार-शनिवार को लखनऊ में रहेंगी। इस दौरान व कार्यकर्ताओं-पदाधिकारियों को संगठन को मजबूत करने के गुर बताएंगी तो विधानसभा चुनाव का घोषणापत्र तैयार करने की कवायद भी शुरू करेंगी। यही कारण है कि वह पार्टी से इतर समस्याओं से जूझ रहे किसानों, युवाओं व बेरोजगारों से भी मुलाकात करेंगी। रविवार को भी वह लखनऊ में रुक सकती हैं।

उनकी वापसी का कार्यक्रम अभी तय नहीं है। प्रियंका इससे पहले दिसम्बर 2019 में लखनऊ आई थीं।  वह शुक्रवार को दोपहर 12 बजे एयरपोर्ट पर पहुंचेंगी। यहां से जीपीओ जाएंगी, जहां पर वह महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगी। रास्ते में आलमबाग, चारबाग, केकेसी, बर्लिंगटन चौराहा, बापू भवन, विधानसभा पर कांग्रेस कार्यकर्ता उनका स्वागत करेंगे। माल्यार्पण के बाद वह प्रदेश मुख्यालय पर प्रदेश कार्यकारणी, पदाधिकारियों व जिला शहर अध्यक्षों के साथ बैठक करेंगी।

शुक्रवार को ही वह किसान यूनियनों के पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगी। शनिवार को प्रियंका गांधी अमेठी व रायबरेली ब्लॉक अध्यक्षों व अन्य पदाधिकारियों से मुलाकात करेंगी। भर्ती घोटाले, रुकी हुई भर्तियों, पूर्व जिला व शहर अध्यक्ष, पूर्व फ्रंटल व डिपार्टमेंट के अध्यक्षों के साथ बैठक करेंगी। इसके अलावा वह विभिन्न प्रकोष्ठों के अध्यक्ष, जिला पंचायत सदस्यों व ब्लॉक प्रमुखों के साथ बैठक करेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *