इंस्टाग्राम रिच लिस्ट 2020: भारतीय सिलेब्रिटीज में सिर्फ प्रियंका चोपड़ा और विराट कोहली को मिली जगह

इंस्टाग्राम की ओर से जारी की गई रिच लिस्ट में भारतीय सिलेब्रिटीज में से सिर्फ प्रियंका चोपड़ा और क्रिकेटर विराट कोहली ही टॉप 100 में अपनी जगह बना पाए हैं। एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री की बात करें तो प्रियंका चोपड़ा लिस्ट में जगह बनाने वाली अकेली भारतीय हैं। टॉप 100 की लिस्ट में विराट कोहली 26वें नंबर पर हैं, जबकि प्रियंका चोपड़ा 28वें नंबर पर हैं। वहीं सिलेब्रिटीज की सूची में प्रियंका चोपड़ा को 22वां स्थान मिला है। इस लिस्ट में अमेरिकी सिलेब्रिटीज का दबदबा देखने को मिला है। पहले नंबर पर कायली जेनर हैं और दूसरे नंबर पर अरियाना ग्रांडे हैं। टॉप 10 में पूरी तरह से अमेरिकी सिलेब्रिटीज का ही दबदबा है। ऐसे में प्रियंका चोपड़ा का इकलौती भारतीय सिलेब्रिटी के तौर पर लिस्ट में जगह बनाना मायने रखता है।

स्पोर्ट्स से जुड़े लोगों की इंस्टाग्राम रिच लिस्ट में कुल 24 लोगों को जगह दी गई है, जिसमें विराट कोहली को छठा स्थान मिला है। इस लिस्ट में पहले स्थान पर फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो हैं। विराट कोहली भारत से ही नहीं बल्कि समूचे क्रिकेट जगत की इकलौती हस्ती हैं, जिसे इस लिस्ट में जगह मिली है। इस लिस्ट के जरिए यह पता चलता है कि इंस्टाग्राम पर कौन सी सिलेब्रिटी किस रैंक पर है। साथ ही इस लिस्ट के माध्यम से ही उसकी इस प्लेटफॉर्म पर होने वाली पूरी कमाई से लेकर एक पोस्ट की कीमत तक का खुलासा भी होता है

इस लिस्ट को इस आधार पर तैयार किया जाता है कि सिलेब्रिटीज ने किसी स्पॉन्सर पोस्ट के लिए कितना चार्ज लिया है। 2019 में भी यह लिस्ट जारी गई थी, तब भी प्रियंका चोपड़ा और विराट कोहली को ही इसमें जगह मिल पाई थी। इस तरह से हम कह सकते हैं कि प्रियंका चोपड़ा और विराट कोहली उन टॉप एशियाई सिलेब्रिटीज में से हैं, जो इंस्टाग्राम के जरिए सबसे ज्यादा कमाई करते हैं। विराट कोहली ट्विटर पर भी काफी लोकप्रिय हैं। पिता बनने की खबर वाला उनका ट्वीट 2020 में सबसे ज्यादा लाइक किया जाने वाला ट्वीट था। लिस्ट के मुताबिक विराट कोहली की ओर से की जाने वाली हर स्पॉन्सर इंस्टाग्राम पोस्ट की कीमत 296,000 अमेरिकी डॉलर होती है। वहीं प्रियंका चोपड़ा की पोस्ट की कीमत 289,000 अमेरिकी डॉलर आंकी गई हैं। पेशवर तौर पर बात करें तो हाल ही में प्रियंका चोपड़ा की मूवी ‘द वाइट टाइगर’ नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई है। इस फिल्म की काफी प्रशंसा की जा रही है। विराट कोहली हाल ही में पिता बने हैं। उनकी एक्ट्रेस पत्नी अनुष्का शर्मा ने 11 जनवरी को बेटी को जन्म दिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *