यूपी में विधानसभा चुनाव की सरगर्मियां तेज है। भाजपा, सपा गठबंधन करने के लिए छोटे दलों के संपर्क में हैं। इस बीच सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने दावा किया कि समाजवादी पार्टी (सपा) से गठबंधन को लेकर भी प्रारंभिक स्तर पर बातचीत हुई है।
मोर्चा के घटक दल जन अधिकार पार्टी के अध्यक्ष व पूर्व मंत्री बाबू सिंह कुशवाहा की पिछले दिनों सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात हुई थी। बातचीत के परिणाम को लेकर पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि अभी प्रारंभिक स्तर की बातचीत हुई है।
यह पूछे जाने पर कि क्या अखिलेश यादव असदुद्दीन ओवैसी के साथ गठबंधन को लेकर तैयार होंगे? इस पर उन्होंने कहा कि राजनीति में कोई दुश्मन नहीं होता, सभी का लक्ष्य भाजपा को रोकना है। विपक्षी दलों द्वारा महाराजा सुहेलदेव का अपमान करने के आरोप संबधी उत्तर प्रदेश के पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री अनिल राजभर के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने भाजपा पर झूठ बोलने का आरोप लगाया।
अनिल राजभर ने कहा था कि समाजवादी पार्टी (सपा), बहुजन समाज पार्टी (बसपा), कांग्रेस, ओम प्रकाश राजभर और असदुद्दीन ओवैसी में कोई फर्क नहीं है। इनमें से जिसे जब मौका मिला, उन्होंने सैयद सलार मसूद गाजी को सम्मानित कर राष्ट्रवीर महाराजा सुहेलदेव का अपमान किया है। उन्होंने सफाई देते हुए कहा कि जब वह बहराइच गये ही नहीं तो फिर सैयद सलार मसूद गाजी के मजार व राष्ट्रवीर महाराजा सुहेलदेव राजभर के स्मारक पर जाने का सवाल ही कहां से पैदा होता है।