पुलिस से बचने को नाले में कूद गया महिला से छेड़छाड़ का आरोपी, कॉन्स्टेबल पर किया ईंट से हमला

दक्षिणी दिल्ली के संगम विहार में महिला से छेड़छाड़ के आरोपी शख्स को पकड़ने गए दिल्ली पुलिस कॉन्स्टेबल पर आरोपी ने ईंट से हमला कर घायल कर दिया। इसके बावजूद घायल कॉन्स्टेबल ने हार नहीं मानी और जांबाजी दिखाते हुए आरोपी को दबोच लिया।

पुलिस ने सोमवार को बताया कि संगम विहार में रहने वाले शिवराम पर एक महिला ने दुर्व्यवहार और छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया था। महिला ने शनिवार को के.एम. पुर थाने में व्यक्ति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने बताया कि उसने आरोप लगाया था कि शिवराम ने उसके साथ दुर्व्यवहार और छेड़छाड़ की थी। आरोपी ने उसे गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी और उसे उससे मिलने के लिए मजबूर किया।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि शिकायत मिलने के बाद, सब इंस्पेक्टर कोमल और संदीप यादव और कॉन्स्टेबल नेहरू आईएनए सर्कल के पास घटनास्थल पर पहुंचे, जहां आरोपी ने महिला को मिलने के लिए बुलाया था।

आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस ने जाल बिछाया था, लेकिन जब शिवराम ने वहां पुलिस टीम को देखा तो वह भाग निकला और बचने के लिए पिलांजी नाले में कूद गया। इसके बाद कॉन्स्टेबल नेहरू भी उसका पीछा करते हुए नाले में कूद गए। इस बीच शिवराम ने ईंट से हमला कर कॉन्स्टेबल को घायल कर दिया। अधिकारी ने कहा कि पुलिस ने आरोपी को काबू कर लिया। इसके बाद उसे और कॉन्स्टेबल नेहरू दोनों को इलाज के लिए एम्स ले जाया गया।

पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) अतुल कुमार ठाकुर ने कहा कि पुलिस ने आरोपी शिवराम के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। जांच के दौरान, यह पता चला कि आरोपी शिवराम सिविल डिफेंस में काम करता था और वह महिला के साथ संबंध बनाने के इरादे से डरा-धमकाकर परेशान कर रहा था। उसने शिकायतकर्ता के खिलाफ अपमानजनक और गंदी भाषा का इस्तेमाल करते हुए उसे गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी थी। जब पुलिस टीम आरोपी को पकड़ने के लिए पहुंची तो उसने कॉन्स्टेबल नेहरू के सिर पर ईंट से हमला कर दिया। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया और जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *