कोरोना के टीकाकरण की मंद रफ्तार, बुजुर्गों के लिए बढ़ेगा इंतजार

कोरोना वायरस से निजात के लिए जितनी तेजी से टीका तैयार किया गया उतना उत्साह वैक्सीन लगवाने के लिए नहीं दिख रहा है। दुनिया के सबसे बड़े कोरोना टीकाकरण अभियान को शुरू हुए चार दिन बीत चुके हैं। पहले चरण के तहत देश में तीन करोड़ स्वास्थ्यकर्मियों, फ्रंटलाइन वर्कर्स को टीका लगाया जाना है। अब तक 4.54 लाख लोगों को टीका लगाया जा सका है। कई जगह कोविन एप में तकनीकी खामी और लोगों में डर के चलते अभियान की रफ्तार मंद है। ऐसे में दूसरे चरण के तहत 50 पार वाले लोगों को मार्च तक इंतजार करना पड़ सकता है।

टीकाकरण अभियान के दूसरे चरण में 50 से अधिक उम्र वालों को टीके की खुराक दी जानी है। सरकारी आंकड़ों पर गौर करें तो 16 जनवरी से शुरू किए गए पहले चरण में हर दिन औसतन एक से डेढ़ लाख लोगों को टीके लग रहे हैं। इस तरह पहले चरण में तीन करोड़ लोगों को वैक्सीन देने के लक्ष्य में मार्च महीने तक का समय लगना तय माना जा रहा है। सरकार ने सबसे पहले स्वास्थ्यकर्मियों, फ्रंटलाइन वर्कर्स को टीकाकरण के लिए चिह्नित किया है। इसके बाद संक्रमण
से सबसे अधिक खतरे की जद में 50 पार की आबादी है। इनमें बुजुर्गों की बड़ी संख्या है।

कई राज्यों में रफ्तार धीमी

टीकाकरण की रफ्तार दिल्ली, पंजाब समेत कई राज्यों में काफी धीमी है। दिल्ली स्थित एम्स में 18 जनवरी को केवल आठ लोगों को टीका लग पाया। पंजाब में भी 5,900 फ्रंटलाइन स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं में से केवल 36 फीसदी ही टीका लेने पहुंचे। उत्तर प्रदेश, कर्नाटक, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और तेलंगाना में टीका लगाने का काम अन्य राज्यों के मुकाबले बेहतर है। वहीं पिछले तीन दिनों में टीका लगाने के बाद 580 लोगों में सामान्य फ्लू के मामले दर्ज किए गए हैं। इनमें से सिर्फ सात लोगों को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा है। इनमें तीन दिल्ली, दो कर्नाटक और एक-एक मरीज उत्तराखंड-छत्तीसगढ़ में भर्ती हैं।

अभियान के पहले दिन सबसे ज्यादा लोगों को टीका लगा

पहला दिन- 2,07,229
दूसरा दिन- 17,072
तीसरा दिन- 1,48,266

कई देशों में धीमी शुरुआत के बाद बढ़ी टीकाकरण की रफ्तार

अमेरिका, ब्रिटेन, चीन, फ्रांस समेत कई देशों में पिछले साल दिसंबर में ही टीका लगाने का काम शुरू हो गया था। सबसे पहले टीके को आपात मंजूरी देने के बावजूद कई देशों में लोगों में वैक्सीन को लेकर संशय है। इस कारण इन देशों में टीकाकरण की रफ्तार धीमी है। जानिए किस देश में अब तक कितनी आबादी को वैक्सीन दी जा चुकी है…

देश – टीके लगाए गए
अमेरिका – 1.36 करोड़
चीन – 1 करोड़
ब्रिटेन – 42 लाख
इजरायल – 23.5 लाख
यूएई – 18.82 लाख
रूस – 15 लाख
फ्रांस – 8.5 लाख
इटली-जर्मनी – 10 लाख
(स्रोत:आवर वर्ल्ड डाटा)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *