लापता बेटी को ढूंढ रही महिला से 4 लोगों ने किया गैंगरेप

लापता बेटी को ढूंढ रही महिला से 4 लोगों ने किया गैंगरेप

पश्चिमी दिल्ली के पंजाबी बाग इलाके में अपनी बच्ची को ढूंढ रही महिला के साथ चार आरोपियों ने सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया।घटना की सूचना शुक्रवार सुबह महिला को होश आने के बाद पुलिस को दी गई। हालांकि, पंजाबी बाग थाना पुलिस ने मामले में सामूहिक दुष्कर्म समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर शिकायत मिलने के चार घंटे के अंदर ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने कहा कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नवीन सिंह (28), बिश्व मोहन आचार्य (26) और अक्षय तनेजा (30) के रूप में हुई है। ये सभी पास के एक रेस्तरां में वेटर के रूप में काम करते थे।

36 वर्षीय पीड़िता मूल रूप से नेपाल की रहने वाली है। वह पति व बच्चों के साथ पंजाबी बाग में रहती है। गुरुवार रात महिला की 17 वर्षीय नाबालिग बेटी बिना कुछ बताए घर से कहीं चली गई थी। महिला उसे ढूंढने के लिए घर से निकली तो एक रेस्तरां के बाहर चार आरोपी दिखे।

आरोपी नाबालिग को ढूंढने के बहाने उसे मादीपुर के एक मकान में ले गए, वहां आरोपियों ने उसे कोल्ड ड्रिंक पिलाई जिसे पीने के बाद वह बेहोश होकर गिर पड़ी। इसके बाद उन चारों ने महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।

पुलिस ने कहा कि सुबह जब उसे होश आया तो उसे अपने साथ हुई सामूहिक दुष्कर्म की वारदात का पता चला। इसके बाद उसने गुरुवार सुबह एक पीसीआर कॉल कर घटना की सूचना पुलिस को दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *